21 सितंबर 2023 - 08:01
साइबर हमलों से थर्राया इस्राईल, बेन गुरियन एयरपोर्ट का सिस्टम खराब

"इस्राईल ह्यूम" दैनिक के अनुसार, हाल के महीनों में साइबर हमलों ने इस्राईल की जीपीएस नेविगेशन प्रणाली को गंभीर रूप से बाधित कर दिया है, जिससे अधिकारियों को वैकल्पिक प्रणाली का उपयोग करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।


अपनी स्थापना के बाद से सबसे कठिन दौर का सामना कर रहे अवैध राष्ट्र इस्राईल को एक बार फिर गंभीर साइबर हमलों का सामना करना पड़ रहा है।

अल-अरबी अल-जदीद वेबसाइट ने हिब्रू मीडिया के हवाले से बताया कि साइबर हमलों की गंभीरता के कारण तल अवीव में बेन गुरियन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमानों की लैंडिंग बुरी तरह प्रभावित हुई है।

इस्राईल ह्यूम अखबार ने भी बुधवार को एक रिपोर्ट में बताया कि हालिया दिनों में साइबर हमलों की गंभीरता के कारण बेन गुरियन हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाले कई विमानों को अपना मार्ग बदलना पड़ा है और उन्हें अन्य हवाई अड्डों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना का मुख्य कारण नेविगेशन सिस्टम, विशेष रूप से बेन गुरियन हवाई अड्डे के जीपीएस सिस्टम के खिलाफ साइबर हमलों में वृद्धि है, जिसने आम तौर पर हवाई अड्डे पर विमानों के लैंडिंग संचालन को बाधित कर दिया है।

हिब्रू सूत्रों के अनुसार, हालिया साइबर हमलों को एक अज्ञात समूह द्वारा नियंत्रित किया जा रहा है, लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि यह बाहरी देशों से इस्राईल के खिलाफ किए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, बेन गुरियन हवाई अड्डे के आसपास के क्षेत्र के कई निवासियों ने हाल के दिनों में विमान के शोर में वृद्धि के कारण शिकायतें दर्ज की हैं।

ज़ायोनी मीडिया के अनुसार, हवाई जहाजों की असामान्य आवाज़ों में वृद्धि का मुख्य कारण उनकी लैंडिंग प्रक्रिया में गड़बड़ी है, क्योंकि लैंडिंग के समय इन हवाई जहाजों के पायलटों को अपना मार्ग बदलना पड़ता है और दूसरे हवाई अड्डे का चयन करना पड़ता है।

"इस्राईल ह्यूम" दैनिक के अनुसार, हाल के महीनों में साइबर हमलों ने इस्राईल की जीपीएस नेविगेशन प्रणाली को गंभीर रूप से बाधित कर दिया है, जिससे अधिकारियों को वैकल्पिक प्रणाली का उपयोग करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।